काशीपुर। क्षेत्र पंचायत काशीपुर के गांवों की गलियां अब जल्द ही सोलर रोशनी से जगमगाएंगी। शासन से स्वीकृत 340 सोलर लाइटों की खेप विकासखंड कार्यालय पहुंच गई। करीब 30 लाख रुपये की लागत से आई इन लाइटों को क्षेत्र की 34 ग्राम पंचायतों में लगाया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत को 10-10 लाइटें दी जाएंगी।
बीडीओ कमल किशारे पांडे ने बताया कि सोलर लाइटों को गांव के मुख्य मार्ग, चौराहे, स्कूल, पंचायत भवन, मंदिर और सार्वजनिक स्थलों पर लगाया जाएगा। इससे ग्रामीणों को रात के समय गांव के भीतर आने-जाने में सुविधा होगी। चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने में भी मदद मिलेगी। सोलर से चलने वाली होने के कारण बिजली का बिल भी नहीं आएगा। उन्होंने बताया कि लाइटों के पहुंचने के बाद स्पेसिफिकेशन जांच कर ली गई है। अब लाइट लगाने के लिए ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव लिए जाएंगे। जहां सबसे अधिक आवश्यकता है वहां पहले लाइटें लगाई जाएंगी। कार्य को पूरी पारदर्शिता से किया जाएगा और सभी चयनित गांवों में बराबर लाइटें वितरित की जाएंगी।