अमर उजाला की ओर से कुमाऊं के शहीदों की याद में दीपावली की पूर्व संध्या पर भगत सिंह चौक पर दीप जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर शहीद लांस नायक स्वर्गीय रमेश सिंह की पत्नी दिनेशपुर निवासी कल्पना देवी और शहीद हवलदार हर्ष सिंह के पुत्र शांतिपुरी निवासी नरेंद्र सिंह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
शहीदों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी सेंथिल अबुदई, कोतवाल जेसी पाठक, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, भरत भूषण चुघ, केवल कृष्ण बतरा, संजय यादव, मनोज छाबड़ा, मुकेश वशिष्ठ सहित तमाम लोगों ने शहीदों को नमन करते हुए 250 दीये प्रज्वलित किए। कार्यक्रम में आए गायक रितेश मनोचा ने संदेशे आते हैं, हमें तड़पाते हैं... गीत की प्रस्तुति देकर सैनिकों की भावनाओं को व्यक्त किया। वहीं छात्रा वर्षाली डे ने ए मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी...गीत सुनाकर लोगों को भावुक कर दिया।
वहीं मोनिका अरोरा ने जो समर में हो गए अमर, मैं उनकी याद में, गा रही हूं आज श्रद्धा के गीत धन्यवाद में... गीत सुनाकर शहीदों को नमन किया। वहीं अंत में रितेश मनोचा ने हर करम अपना करेंगे ऐ वतन तेरे लिये... गीत गाकर उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया। कार्यक्रम में एसएसपी ने कहा कि देश के लिए कुर्बानी देने वाले शहीदों का सम्मान सबसे सर्वोच्च है।
अमर उजाला की मुहिम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हर साल इस तरह के आयोजन होने चाहिए। शहीदों की कुर्बानी को याद करते हुए कहा कि देश की सीमाओं पर जांबाज जवानों की मुस्तैदी के कारण ही देश के नागरिक त्यौहार शांति से मना पाते हैं। संचालन केवल कृष्ण बत्रा ने किया। वहां पर सुशील गाबा, नकुल कैड़ा, गौरव खुराना, प्रमोद कुमार, प्रदीप कुमार, प्रभात कुमार आर्य, सतीश अरोरा, मान सिंह ग्रोवर, हरवंश गुंबर आदि मौजूद थे।