बारिश के चलते ग्राम जोगीपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय का भवन अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। गनीमत रही कि शनिवार को विद्यालय बंद था। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर बीईओ, ब्लॉक समन्वयक ने ग्रामीणों के साथ मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। बताते हैं कि प्रधान शांति देवी ने भी जर्जर हालत के विद्यालय भवन को ध्वस्त करने की मांग की थी। लेकिन विभागीय अफसर मौन हैं। शनिवार सुबह जैसे ही बारिश शुरू हुई कि भरभराकर प्राथमिक विद्यालय भवन के पिछले हिस्से की एक दीवार धमाके साथ धराशायी हो गई। जिस पर ग्राम प्रधान शांति देवी उनके पति दौलत चंद नड्डा मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ लग गई। प्रधान की सूचना पर बीईओ प्रेमा बिष्ट, बीआरसी समन्वयक सत्यपाल सिंह ने मौके पर जाकर जांच की। बीईओ ने बताया कि विद्यालय भवन का ध्वस्तीकरण प्रस्ताव भेजा गया है। आदेश आते ही ध्वस्तीकरण कर दिया जायेगा।
अस्पताल के दो कक्षों में होगी पढ़ाई
बीईओ प्रेमा बिष्ट ने बताया कि गांव जोगीपुरा प्राथमिक विद्यालय भवन धराशायी हो गया है। इस भवन में बच्चों को नहीं बैठाया जाएगा। सोमवार से स्कूली बच्चों की पढ़ाई गांव के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के दो कक्षों में होगी।