रुद्रपुर में जैवर्ल्स की दुकान में सीसीटीवी खंगालती पुलिस।संवाद
रुद्रपुर। भदईपुरा में हाईवे पर चोरों ने सराफ की दुकान से सोने और चांदी के जेवरात पार कर लिया। चोर ताला तोड़कर सराफ की बगल में स्थित दुकान में घुसे और फिर नकब लगाकर चोरी को अंजाम दिया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर पीड़ित दुुकान स्वामी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। दुकानदार का दावा है कि दुकान से 5.5 किलो चांदी और 50 ग्राम सोने के आभूषण चुराए गए हैं।
व्यू स्क्वायर कॉलोनी निवासी अतुल सिंह ने बताया कि उनकी भदईपुरा में किच्छा हाईवे के पर सीमा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। मंगलवार को वह शाम करीब 7:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए। बुधवार सुबह करीब 10 बजे दुकान पहुंचे तो वहां लॉकर कटा था और दुकान का सारा सामान अस्त व्यस्त था। लॉकर में रखे 2.5 किलो पुरानी, तीन किलो नई चांदी के जेवर और 50 ग्राम सोने के आभूषण गायब थे। सूचना पर एसओजी के साथ पहुंचे एसएसआई कमाल हसन ने मामले की जानकारी ली। दुकान में लगे सीसीटीवी के तारों से भी चोरों ने छेड़छाड़ की है, हालांकि घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी में तीन लोग दिखाई दिए। उनके पास तीन सिलिंडर, दो सब्बल, पेंचकस, हथौड़ा और कटर मशीन भी दिखाई दिए।
वारदात को अंजाम देने के दौरान शराब भी पी
अतुल की दुकान से जुड़ी दुकान खाली पड़ी है। उसमें भी ताला लगा था। चोर पहले उस दुकान का ताला तोड़ कर वहां घुसे। इसके बाद वहां दीवार में छेद कर सराफ की दुकान में पहुंचे। वहां रखे लॉकर को गैस कटर काटकर आभूषण पार कर दिए। सीसीटीवी के मुताबिक रात करीब एक बजे घटना को अंजाम दिया गया है। घटनास्थल से पानी के डिस्पोजल गिलास, नमकीन के खाली पैकेट भी मिले। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने वहां शराब भी पी होगी। एसपी सिटी मनोज कत्याल का कहना है कि चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को अलर्ट कर दिया है। पुलिस की एक टीम सर्विलांस और दूसरी आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।