पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि में ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) के 90.8 मेगाहर्ट्ज पर शुरू हुई सामुदायिक रेडियो सेवा ‘पंतनगर जनवाणी’ तमाम उपलब्धियों के बावजूद दम तोड़ गई। अधिकारी इसकी वजह स्टैंडबाई ट्रांसमीटर फुंकना बताते रहे। आठ दिसंबर को अमर उजाला में खबर छपने के बाद विवि प्रशासन ने जनवाणी को फिर से शुरू करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। यह रेडियो सेवा तीन से चार दिन में शुरू होने जा रही है।
विवि के संचार केंद्र में किसानों की कृषि एवं पशुपालन संबंधी समस्याओं का समाधान करने के मकसद से 15 अगस्त 2011 को सामुदायिक रेडियो सेवा पंतनगर जनवाणी की शुरूआत की गई थी। जनवाणी से सुबह आठ से रात आठ बजे तक विवि के 20 किमी के दायरे में प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों में विवि के वैज्ञानिक कृषि समस्याओं का समाधान करते थे।
इसके साथ ही रोजगारपरक और मनोरंजक कार्यक्रमों के प्रसारण से जनवाणी को प्रसिद्धि मिली थी। जनवाणी को नौ वर्षों के प्रसारण अवधि में संचार मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय सामुदायिक सेवा का सात बार प्रथम और एक बार द्वितीय पुरस्कार मिला था।
जनवाणी से प्रसारित आरोग्य संपदा, इंटीग्रेटेड हेल्थ अवेयरनेस, आसमां की ओर, कॅरिअर अलर्ट, युवा स्वर, वॉइस ऑफ यूथ, गांव की बात, वॉइस ऑफ विलेज, आंचा की सुरभि, दि रीजनल फ्रेग्रेंस, राजू चाचा की कहानी सहित तमाम कार्यक्रम श्रोताओं ने पसंद किए थे लेकिन 15 अक्तूबर 2020 से जनवाणी की सेवा बंद पड़ी है।
विद्युत उतार चढ़ाव में स्टैंडबाई ट्रांसमीटर फुंकने से 15 अक्तूबर 2020 से जनवाणी की प्रसारण सेवा बाधित है। बजट आवंटित होने के बाद मरम्मत कराकर यूपीएस की व्यवस्था भी कर ली गई है। केंद्रीय संचार मंत्रालय के वायरलेस प्लानिंग कोऑर्डिनेटिंग विंग को सेवा दोबारा शुरू करने की अनुमति के लिए लिखा गया है। संभवत: मंगलवार या बुधवार से पंतनगर जनवाणी से प्रसारण शुरू हो जाएगा। - डॉ. एसके बंसल, निदेशक संचार।