किच्छा बाईपास रोड स्थित भूमि पर आईएसबीटी बनते ही शहर को जाम से मुक्ति मिल जाएगी। इसके अलावा स्टेशन पर पार्किंग को लेकर होने वाले विवाद जहां खत्म हो जाएंगे, वहीं यात्रियों को भी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जनहित को देखते हुए रुद्रपुर में आईएसबीटी आवश्यक है।
दरअसल, सरकारोें की उदासीनता के कारण रुद्रपुर में आईएसबीटी का सपना साकार नहीं हो सका। वर्ष 2005 में शहर के किच्छा बाईपास रोड स्थित एफसीआई के पास सरकार ने परिवहन विभाग को आईएसबीटी निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराई थी, लेकिन तब से अब तक राज्य में आई सरकारें और अफसरों की अनदेखी का ही नतीजा है कि आईएसबीटी निर्माण में रोड़ा लगा हुआ है, नतीजतन इस जमीन पर भूमाफिया की नजर भी है, अगर बात करें आईएसबीटी बस अड्डे की तो, इसके बनते ही शहर में रोजाना लगने वाले जाम से निजात मिल सकेगी।
यात्रियों की सहूलियत के लिए बस अड्डे पर हाईटेक शौचालय, पेयजल, सुरक्षा और एटीएम समेत तमाम व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यही नहीं अक्सर स्टेशन पर बाहरी राज्यों से आने वाले बसों के पार्किंग को लेकर होने वाला विवाद भी समाप्त हो जाएगा। रुद्रपुर रोडवेज के एआरएम केएस राणा ने बताया कि आईएसबीटी निर्माण से यात्रियाें के साथ ही रोडवेज कर्मियों को भी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही शहर में रोजाना लगने वाले जाम से भी छुटकारा मिल जाएगा।