लूट की योजना बनाते हुए ग्रामीणों द्वारा पकड़कर पुलिस को सौंपे गये तीन बदमाशों को मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है, जबकि फरार एक अन्य आरोपी की खोजबीन की जा रही है।
बीते मंगलवार की रात्रि करीब 12 बजे गूलरभोज से घर लौटते समय ग्राम पलकाचौड़ निवासी पूरन सिंह और विजय सिंह को चार बदमाशों द्वारा रोककर बाइक लूटने के प्रयास पर शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बदमाशों को दबोच लिया। इसमें एक बदमाश भागने में सफल रहा।
ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए बदमाशों में गुरजीत सिंह निवासी दलपुरा, जगरूप सिंह निवासी रोशनपुर एवं गुरजीत सिंह निवासी रायपुर चूनावाला को पुलिस को सौंपा गया था, जबकि उनका एक साथी जसवीर सिंह उर्फ पिच्चू निवासी बहरा बजीर खानपुर मौके से भाग निकला था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मौके पर पकड़े गये तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि फरार चौथे बदमाश जसवीर सिंह उर्फ पिच्चू की खोजबीन के लिए पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि जसवीर सिंह उर्फ पिच्चू पर पूर्व में भी कई गंभीर आरोप लगे हैं, जिसको जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।