कंजाबाग में सड़क पर टहल रहे आईटीबीपी के जवान को कुछ अज्ञात लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। उस पर लोहे की रॉड से हमला किया गया जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आयी है। हमलावर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गांव के लोग सोमवार देर शाम कोतवाली में जमे रहे। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कंजाबाग निवासी आईटीबीपी का जवान पूरन सिंह वर्तमान में कर्नाटक में तैनात है। वह आजकल छुट्टी में अपने गांव आया हुआ है। सोमवार शाम लगभग सवा नौ बजे वह सड़क पर टहल रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने उसके पास आकर उसका नाम पूछा और मारपीट कर दी। जिससे पूरन के सिर में गंभीर चोट आयी है।
शाम को ही अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गांव के लोग कोतवाली में जमा हो गए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बताया जा रहा है कि रविवार को भी गांव में दो गुटों में विवाद हुआ था। इस मारपीट की घटना को भी उसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
घायल की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलवार को पुलिस के जवानों ने गांव में जाकर पूछताछ की है। वहां ढिल्लू राणा, जिला पंचायत सदस्य नवीन जोशी, गजेंद्र सिंह, वासुदेव राणा, प्रमोद राणा, हरि सिंह, बंता देवी, मानवती आदि थे।