गदरपुर। विकास खंड सभागार में आयोजित बीडीसी बैठक में क्षेत्र की सड़क, पानी, नाली, कूड़ा निस्तारण, विकास के मुद्दे छाये रहे। जनप्रतिनिधियों ने सदन में 107 प्रस्ताव रखे। प्राथमिकता से समस्याओं का निस्तारण कर विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की। म
बैठक का आयोजन ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर की अध्यक्षता और डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी की मौजूदगी में हुआ। बराखेड़ा से बीडीसी सचिन बजाज और नारायणपुर दोहरिया की प्रधान सुनीता कौर ने जल जीवन मिशन के तहत बंद पड़ी पाइप लाइनों को खुलवाने और लीकेज को बंद करने की मांग की। जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायत से निकलने वाले गीले और सूखे कड़े के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने के प्रस्ताव रखा। तहसीलदार लीना चंद्रा धामी ने जनप्रतिनिधियों से कूड़ा संग्रहण कार्यक्रम में गंभीरता दिखाने को कहा। ब्लॉक प्रमुख ज्योति ने विभागीय अधिकारियों से प्रस्तावों को धरातल पर लाने का जोर दिया। डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी और बीडीओ अतिया परवेज ने प्रस्तावों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन एबीडीओ हेमचंद कांडपाल ने किया। बैठक में सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख कवलजीत कौर, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख रीमा पाइक समेत सदस्य और अधिकारी मौजूद थे। संवाद