बीडीसी बैठक में जनप्रतिनिधियों ने प्रमुखता से उठाई अपने-अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं
खटीमा। क्षेत्र पंचायत की बोर्ड बैठक में लो वोल्टेज, खस्ताहाल सड़कों, जंगली जानवरों को फसलों को रहे नुकसान और ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे छाए रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सभी प्रमुख समस्याओं को ब्लॉक व जिला स्तरीय अधिकारियों के समक्ष उठाया।
बृहस्पतिवार को खटीमा ब्लॉक सभागार में ब्लाॅक प्रमुख सरिता राणा की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में जिला पंचायत सदस्यों, बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मूलभूत सुविधाओं की मांग की है। उन्होंने कहा कि खटीमा में पिछले साल आई बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए पुल और कई सड़कें अभी तक नहीं बन सकती हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात में असुविधा हो रही है। जनप्रतिनिधियों ने नदन्ना व गांगी आदि क्षेत्रों में लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों को रही समस्या, पचौरिया क्षेत्र में गोरखा पुल व नगला तराई के पुल के जर्जर होने, देवरी क्षेत्र में मेडिकल वेस्ट को तालाब में फेंके जाने, नौगवांनाथ में खस्ताहाल सड़क आदि की समस्या का हल निकालने को कहा। साथ ही जमौर में पुलिया निर्माण समेत विभिन्न मांगें उठाई गईं। वहां पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ज्येष्ठ उप प्रमुख भागीरथी राणा,कनिष्ठ उप प्रमुख गौरव नेगी, सांसद प्रतिनिधि रवींद्र राणा, जिला पंचायत सदस्य रीता कफलिया, संगीता राणा, बीडीसी सदस्य राहुल भंडारी, नेहा जोशी, कुलदीप राना, ग्राम प्रधान माया जोशी, देवेंद्र मेहरा, सोभनाथ मौर्य, परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी, कृषि रक्षा अधिकारी रश्मि शुक्ला, एसडीओ ऊर्जा निगम अंबिका यादव, डॉ. वीपी सिंह, सहायक अभियंता पीपी तिवारी आदि थे।