काशीपुर रामनगर रोड स्थित कोविड केयर सेंटर की रसोई में खराब सब्जी देखती समिति।
- फोटो : KASHIPUR
हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित समिति के निरीक्षण के दौरान कोविड केयर सेंटरों में भारी अनियमितताएं सामने आईं। एक कोविड सेंटर की रसोई में रखे फ्रिज में दुर्गंधयुक्त लौकी और बंदगोभी पड़ी मिली। इन सेंटरों में साफ-सफाई की समस्या भी सामने आई।
कोविड सेंटरों की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर नैनीताल हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी। इसके बाद हाईकोर्ट ने एक कमेटी का गठन किया था। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अविनाश श्रीवास्तव, डिप्टी कलक्टर नरेश दुर्गापाल और जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष दिवाकर पांडे को इसमें शामिल किया गया था। मंगलवार को यह दल रामनगर रोड स्थित एक होटल में बनाए गए कोविड केयर सेंटर पहुंची।
टीम ने यहां मरीजों को दिए जाने वाले आहार, सफाई, रसोई और दवाइयों की गुणवत्ता आदि के बारे में जानकारी जुटाई। स्टाफ ने चार बार सपाई की बात कही तो मरीजों ने सिर्फ दो बार ही सफाई होने की जानकारी दी। फ्रिज में रखी लौकी और बंद गोभी से दुर्गंध आ रही थी। फ्रिज में कॉकरोच, कीड़े और जाले लगे थे। सेंटर इंचार्ज डॉ. पीएम तिवारी ने बताया कि 47 बेडों में से 15 पर मरीज थे।
सेंटर में अब तक 572 मरीजों को रखा जा चुका है। इनमें से 551 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं जबकि 6 मरीजों को रेफर किया गया है। वहीं, बाजपुर रोड स्थित कोविड केयर सेंटर में 54 बेडों में से 21 पर मरीज मिले। यहां भी रसोई में अनियमितताएं पाई गईं। समिति अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने बताया कि कोविड केयर सेंटरों की रिपोर्ट तैयार कर 10 दिन के भीतर हाईकोर्ट को सौंपी जाएगी।
जिले में 37 कोरोना पॉजिटिव मिले
रुद्रपुर। जिले में मंगलवार को 37 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। साथ ही जिलेभर में कोरोना जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 1875 लोगों के सैंपल लिए। सभी संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आइसोलेट कर दिया है। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार प्रयासरत है। लोगों से सामाजिक दूरी के निमयों का अनुपालन व भीड़भाड़ वाले स्थानों में मास्क पहनने की अपील की जा रही है। साथ ही कोरोना वायरस को लेकर जागरूक किया जा रहा है। ब्यूरो