काशीपुर। ढेला नदी में आने वाली बाढ़ से निजात दिलाने के लिए सिंचाई विभाग ने अब जिला योजना के तहत आबादी वाले क्षेत्र में सीसी ब्लॉक बनाने का कार्य शुरू कर दिया है।
ढेला नदी किनारे बसे कॉलोनीवासियों को प्रत्येक वर्ष मानसून के दौरान बाढ़ का खतरा सताने लगता है। लगभग पांच महीने पहले सिंचाई विभाग ने काली बस्ती, मधुवन नगर व लक्ष्मीपुर पट्टी क्षेत्र में बाढ़ के तेज बहाव को कम करने के लिए कई सीसी ब्लॉक बनाए थे। जो ढेला नदी में आई बाढ़ में खिसक गए थे। इसके बाद विभाग ने जल स्तर कम होने पर दोबारा से पत्थरों का पिचिंग कार्य कराने का भरोसा दिलाया था। विभाग के जेई अवनीश कुमार ने बताया जिला योजना के तहत 20-20 लाख के दो प्रस्ताव पिचिंग कार्य के लिए भेजे गए थे। अब धन स्वीकृत होने पर पांच सीसी ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा पत्थरों की पिचिंग बनाने का कार्य किया जाएगा। साथ ही जहां-जहां पत्थरों की पिचिंग बनाई जाएगी उन प्वाइंट को चिह्नित कर लिया है। वहीं क्षेत्र के पूर्व पार्षद अब्दुल कादिर ने बताया विभाग ने दोबारा पांच ब्लाॅक बनावा दिए हैं। उन्होंने कहा ढेला की बाढ़ से भूमि कटाव को यह पर्याप्त नहीं हैं, उन्होंने विभाग से और पत्थरों की पिचिंग बनाने की मांग की है।