नशीली दवाइयां बेचे जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन की टीम ने टांडा उज्जैन क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों में छापे मारे। इस दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर तीन मेडिकल स्टोरों को सील कर दिया गया।
बृहस्पतिवार को एसडीएम पीएस राणा और ड्रग इंस्पेक्टर दीपक कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने टांडा उज्जैन क्षेत्र में स्थित मेडिकल स्टोरों की दुकानों में छापे मारे। इंडियन मेडिकल स्टोर ने 2012 से लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं किया था। यहां एक्सपाइरी दवाएं मिलने के साथ ही क्रय-विक्रय का कोई रिकार्ड नहीं पाया गया। रामऔतार मेडिकोज में भी दवाइयों के विक्रय के कोई अभिलेख नहीं थे। शेडयूल एच-1 की औषधियों का भी रिकार्ड व्यवस्थित नहीं था। अंश मेडिकोज में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित और एक्सपाइरी दवाइयां पाई गईं।
ड्रग इंस्पेक्टर ने गंभीर अनियमितताएं मिलने और तीनों मेडिकल स्टारों को संदिग्ध मानते हुए सील कर दिया। उन्होंने दुकान स्वामियों को 15 दिन के अंदर अभिलेख प्रस्तुत कर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। टीम में तहसीलदार मदन सिंह बिष्ट, नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह नेगी, कानूनगो दिलशाद हुसैन, उदयवीर सिंह, लेखपाल राम सिंह, पूरन सिंह, अरुण कुमार आदि शामिल थे।