बाजपुर। बाजपुर चीनी मिल की ऑडिट रिपोर्ट में अनियमितताएं मिली हैं। इसके चलते उत्तराखंड सहकारी चीनी मिल्स संघ के एमडी ने मिल महाप्रबंधक को जांच करने के निर्देश दिए हैं। इससे चीनी मिल अधिकारियों में खलबली मची है। बाजपुर चीनी मिल में लेखा संबंधित कार्यों में नियुक्त चार्टर्ड अकाउंटेंट की ओर से उत्तराखंड सहकारी चीनी मिल्स संघ को उपलब्ध कराई गई मार्च 2025 की रिपोर्ट में अनियमितताएं पाए जाने का जिक्र किया गया है। इसपर एमडी ने नाराजगी जताते हुए चीनी मिल महाप्रबंधक से संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने और जांच कर रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर भेजने के निर्देश दिए हैं। इधर, मिल महाप्रबंधक डॉ. अमृता शर्मा ने बताया कि उन्हें एमडी की तरफ से ऑडिट रिपोर्ट में खामियां मिलने की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश मिले हैं। इस संबंध में अधीनस्थ अधिकारियों को परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।