रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में लग्जरी कार की आड़ में चल रहा ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी का खुलासा हुआ है। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले एक अंतरराज्यीय बुकी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र अपनी टीम के साथ परशुराम चौक क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एसओजी कर्मियों ने सूचना दी कि सिडकुल आनंदपुर सड़क स्थित धर्मकांटे के पास एक सफेद होंडा सिटी कार में बैठा व्यक्ति आईपीएल मैच पर सट्टा लगा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार सवार व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम रंजीत सिंह सैनी निवासी पालम कॉलोनी नई दिल्ली बताया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो चालक की सीट के पास एक लैपटॉप मिला जिसमें आईपीएल मैचों से संबंधित सट्टे का पूरा चार्ट खुला हुआ था। स्क्रीन पर टीमों के नाम, रेट, ग्राहकों के नाम और जीत-हार का हिसाब दर्ज था। कार में रखे बैग से 92,000 रुपये, एक कैलकुलेटर और लैपटॉप चार्जर भी बरामद किया गया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाता है और बरामद नकदी सट्टे की कमाई की है।
सुनसान जगह का लिया सहारा
अभियुक्त बेहद ही शातिर है। उसने अपने खेल को चलाने के लिए ट्रांजिट कैंप की जगह तलाशी और अपनी कार से ही सट्टेबाजी का खेल चला रहा था ताकि पुलिस की नजर उस पर न पड़े लेकिन सूचना पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
किसकी सह पर खेला जा रहा था सट्टेबाजी खेल
पूरे मामले में बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर किसकी सह पर युवक दिल्ली से आकर रुद्रपुर में सट्टेबाजी खेल कर रहा था। कौन इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड है जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम कर रहा है।
बरामद मोबाइल से मिलेंगे कई अहम सुराग
अभियुक्त की कार से पांच महंगे मोबाइल फोन भी बरामद हुए। पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन में व्हाट्सएप चैट, वॉयस रिकॉर्डिंग और पेटीएम के जरिए पैसों के लेनदेन के स्क्रीनशॉट मिले हैं जिससे इस खेल से जुड़े लोगों के बारे में और भी जानकारी मिल सकती हैं।
कोट-
अभियुक्त के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बरामद कार को भी कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। - अजय गणपति, एसएसपी