सितारगंज में उद्योगपतियों की बैठक में बोलते कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा। संवाद
सितारगंज। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सिडकुल क्षेत्र में 2306 करोड़ का नया निवेश होगा। इसके लिए एमओयू साइन हो गए हैं। जल्द ही सितारगंज को रेलवे लाइन की सुविधा भी मिलने जा रही है। कैबिनेट मंत्री ने उद्योगपतियों से स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की बात कही। कहा कि राज्य सरकार उद्योगपतियों को बेहतर वातावरण दे रही है लेकिन उद्योगों में प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार देने में तरजीह न मिलने की शिकायतें मिलती है। तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को प्राथमिकता पर रोजगार दिया जाए ताकि पलायन की स्थिति पैदा न हो।
यह बात कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने शनिवार को सिडकुल इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सिडकुल में आयोजित बैठक में कही। उन्होंने कहा सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार उद्योगों को निवेश के लिए आमंत्रित कर रही है। मुख्यमंत्री सितारगंज को रेल लाइन से जोड़ने के प्रस्ताव के लिए प्रधानमंत्री व रेल मंत्री से मिल चुके हैं। इस प्रस्ताव पर काम चल रहा है।
सिडकुल इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण सत्यवली, महासचिव दुर्गश मोहन ने कैबिनेट मंत्री बहुगुणा के समक्ष औद्योगिक पार्क क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के निर्माण की मांग की। आरएम सिडकुल रवींद्र सिंहने बताया कि लोनिवि प्रस्ताव तैयार कर रहा है। वहां उद्योगपति केके राय, विनय डबराल, अनिल चक्रवर्ती, मुनेश्वर मण्डल, भूपेश शर्मा, रमाकांत, हैदर अब्बास, खुर्शीद आलम, रमन चौधरी, अखिल मिश्रा, अनुराग शर्मा आदि थे।