गन्ने के खेत में छिपाई थीं बाइक, सभी आरोपी पीलीभीत के हैं
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने तीन अंतरराज्जीय आटोलिफ्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गन्ने के खेत में छिपाकर रखी गईं चोरी की 16 बाइक बरामद कीं। आरोपी पश्चिमी यूपी और ऊधमसिंह नगर से बाइक चुराने के बाद इनके नंबर प्लेट बदलकर बेच देते थे।
शनिवार को आवास विकास चौकी में एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि वार्ड नंबर तीन निवासी परिमल देव शर्मा ने 27 अक्तूबर को बाइक चोरी का केस दर्ज कराया था। 28 अक्तूबर को वार्ड नंबर तीन निवासी मनोज कुमार दास ने छह सितंबर को उसकी बाइक घर के बाहर से चोरी होने का केस दर्ज कराया था। खुलासे के लिए एसएचओ की अगुवाई में टीम गठित की गई थी।
शनिवार को टीम ने मोदी मैदान के पास से मुकेश निवासी पौटा कलां, जिरनियां लालौरी खेड़ा थाना बरखेड़ा पीलीभीत, धर्मपाल निवासी ग्राम बरादूनवा अंटागौटिया थाना अमरिया पीलीभीत और अरुण कश्यप निवासी मकान नं 227, वार्ड नं 04 बीएसएनएल टावर के पास थाना माधोटांडा पीलीभीत को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में श्मशान घाट रोड पर गन्ने के खेत में छिपाई गई 16 बाइक को बरामद किया गया। आरोपियों ने ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर, जसपुर, किच्छा के अलावा मुरादाबाद, पीलीभीत में बाइक चुराने की बात स्वीकारी है। आरोपी ए ब्लाॅक ट्रांजिट कैंप में किराये पर रहकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
19 साल का धर्मपाल है गैंग का सरगना
रुद्रपुर। आटोलिफ्टर गैंग का सरगना 19 साल का धर्मपाल है। धर्मपाल पर ट्रांजिट कैंप में तीन, किच्छा में दो और पीलीभीत के सुनगढ़ी थाने में दो केस दर्ज हैं। वह नाबालिग रहते हुए वर्ष 2020 में चोरी के मामले में सबसे पहले जेल गया था। वह सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर फायर भी कर चुका है। उसके दो साथी अरुण (27) और मुकेश (23) हैं। दोनों पर भी एक-एक केस दर्ज हैं। संवाद
इंस्ट्राग्राम में रील बता खुद को बताया बदमाश
रुद्रपुर। आरोपी धर्मपाल ने पुलिस को बताया कि उसे बचपन से ही बदमाशी का शौक रहा है। वह चोरी की बाइक बेचने के बाद मिले रुपयों से शौक पूरा करता है। उसे इंस्टाग्राम में रील बनाने का शौक भी है। एक रील में वह खुद को बतौर बदमाश पेश करता नजर आ रहा है। संवाद