कर्ज में डूबे प्रतापपुर के किसान की हृदयगति रुकने से हुई मौत के मामले में स्थानीय प्रशासन और खुफिया विभाग ने जांच शुरू कर दी है। एसडीएम के निर्देश पर पटवारी और राजस्व निरीक्षक ने किसान के घर के आसपास लोगों से पूछताछ की।
ग्राम प्रतापपुर निवासी भजन सिंह (65) पुत्र करतार सिंह को शुक्रवार की रात दो बजे दिल का दौरान पड़ा था। मृतक भजन सिंह ने एसबीआई से 12 लाख रुपये कर्ज लिया था, जो बढ़कर 16.30 लाख हो गया। बैंक ने इसमें नोटिस जारी किया हुआ है। चार लाख रुपये उत्तराखंड ग्रामी बैंक झनकट से लिया है।
भजन के तीन पुत्रों रणजीत पर एसबीआई का चार लाख, कुलदीप पर ग्रामीण बैंक का साढ़े तीन लाख कर्ज है। इसके अलावा साहूकारों का लगभग 60 से 65 लाख रुपये कर्ज था। बैंकों की रिकवरी के अलावा साहूकार आए दिन काश्तकार से तकादा कर रहे थे। ये साहूकार भी गांव के आसपास के ही बताए जा रहे हैं। इनमें ऐसे साहूकार भी हैं, जिनका कर्ज से ज्यादा ब्याज चढ़ गया है।
एसडीएम विजयनाथ शुक्ल ने कहा कि इस मामले में अभी केवल काश्तकार की सामान्य जानकारियां एकत्रित की गई हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में साहूकारों के नाम सामने आए हैं, इसकी भी जांच की जाएगी कि किस आधार पर साहूकार किसान को ब्याज पर रकम दे रहे थे।