रुद्रपुर। जिला मुख्यालय के नजदीक स्थित जयनगर, कालीनगर, दिनेशपुर के लिए इंटरसिटी बस के संचालन की उम्मीद जगी है। संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) इंटरसिटी बस संचालन के लिए परीक्षण करा रहा है।
जयनगर, कालीनगर, दिनेशपुर के लिए जिला मुख्यालय से इंटरसिटी बस के संचालन की मांग लंबे समय से उठ रही है। जिला मुख्यालय और दिनेशपुर रूट पर किसी भी बस सेवा का संचालन नहीं होता है। इलाके के लोग बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय स्थित सिडकुल की कंपनियों में काम करते हैं।
बस सेवा न होने के कारण लोग मैजिक वाहन के साथ ही टेंपो की सवारी करने को मजबूर हैं। इसमें लोगों को अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है।
वहीं लोगों की इंटरसिटी बस सेवा संचालित करने की मांग को देखते हुए आरटीए पत्तरचट्टा (मटकोटा फार्म) से छतरपुर-जयनगर-कालीनर-चंडीपुर-नेताजीनगर-चंदनगढ़ होते हुए दिनेशपुर तक इंटरसिटी बस सेवा संचालित करने के लिए परीक्षण करा रहा है।
एआरटीओ प्रवर्तन, नवीन कुमार सिंह ने बताया कि हाल में हल्द्वानी-सिडकुल, लालकुआं-सिडकुल बस सेवा के लिए परमिट जारी हुआ है। दोनों बस सेवाएं संचालित होने लगी हैं। दिनेशपुर रूट पर भी जल्द इंटरसिटी बस सेवा संचालित होने की उम्मीद है।