काशीपुर। जिला पंचायत राज अधिकारी ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत को ग्राम फिरोजपुर की निर्वाचित प्रधान को चार्ज दिलाने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल ने ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी पंचायत को पत्र जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत फिरोजपुर का चार्ज निर्वाचित प्रधान को प्रदान कराने और ऐसा नहीं होने पर प्राथमिकी दर्ज कराकर जानकारी उपलब्ध कराने कहा है। इस संबंध में कचनाल गाजी निवासी जय सिंह गौतम का शिकायती पत्र प्राप्त हुआ था। इसकी जांच आख्या शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए सीडीओ ने भी पत्र जारी किया था लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी।
इस क्रम में शिकायतकर्ता का पत्र अनु सचिव पंचायतीराज के माध्यम से दोबारा प्राप्त हुआ है। उन्होंने दो दिन के भीतर निर्वाचित प्रधान को ग्राम पंचायत फिरोजपुर का चार्ज दिलाकर सूची कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। चार्ज न दिए जाने पर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा है।