बाजपुर। सांसद अजय भट्ट ने बरहैनी में निर्माणाधीन राजकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय और लेवड़ा नदी पर बनने वाले दो पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। सांसद ने कहा कि बाजपुर में 25 करोड़ की लागत से एकलव्य विद्यालय का निर्माण कार्य चल रहा है। चार करोड़ की धनराशि कम पड़ रही है। इसके लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। कहा कि लेवड़ा नदी पर पुलों का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
बुधवार को सांसद अजय भट्ट कार्यकर्ताओं के साथ एकलव्य आवासीय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित विभागीय सचिव से वार्ता कर निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद सांसद ने बेरिया दौलत रोड पर लेवड़ा नदी पर बनने वाले पुल और चकरपुर पुल के स्थलों का निरीक्षण किया। कहा कि आगामी बारिश के मौसम में नागरिकों को बाढ़ से जूझना नहीं पडे़गा। उनकी कोशिश होगी कि दोनों पुलों को निर्माण समय पर पूरा कराया जाए।
सामाजिक कार्यकर्ता अरुण शर्मा ने उप जिला चिकित्सालय में बाल रोग, महिला चिकित्सक, स्थायी सीएमएस की नियुक्ति और ऑक्सीजन प्लांट शुरू करने के लिए सांसद को पत्र सौंपा। सांसद ने कहा कि बाजपुर रेलवे स्टेशन पर ओवरब्रिज बनाने के लिए रेल मंत्री को पत्र लिखा है।
इस मौके पर दायित्वधारी मंजीत सिंह राजू, जिला निगरानी समिति के सदस्य राजेश कुमार, गुंजन सुखीजा, गौरव शर्मा, मोहन पाल, यशपाल राजहंस, टिंकू यादव, गुरमुख सिंह, वीरेंद्र बिष्ट, कन्नू जोशी आदि मौजूद रहे।