पंतनगर। जीबी पंत कृषि विवि स्थित प्रौद्योगिक महाविद्यालय में पोस्ट हार्वेस्ट प्रोसेसिंग एंड फूड इंजीनियरिंग के एमटेक छात्र मोहम्मद अब्बास ने अभिनव इंस्टेंट हर्बल टी टैबलेट विकसित की है। टी-बैग्स की विकल्प यह टैबलेट पूरी तरह से प्राकृतिक और हर्बल घटकों से निर्मित है। जो पानी में डालते ही कुछ ही सेकंड में घुलकर एक स्वास्थ्यवर्धक हर्बल टी तैयार करती है।
मोहम्मद अब्बास वे परियोजना सलाहकार डाॅ. सचिन कुमार के मार्गदर्शन में टैबलेट विकसित की है। अब्बास ने बताया कि यह टैबलेट पारंपरिक टी-बैग्स का आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प है। शोधों में पाया गया कि टी-बैग्स में प्रयुक्त नायलॉन, प्लास्टिक फाइबर, ब्लीचिंग एजेंट और कृत्रिम फ्लेवर गर्म पानी में घुलने पर माइक्रोप्लाॅस्टिक और हानिकारक रासायन अवशेष डिस्चार्ज करते हैं। जो लंबे समय में शरीर पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। साथ ही टी-बैग्स का कचरा पर्यावरण प्रदूषण को भी बढ़ाता है।
यह इंस्टेंट हर्बल टी टैबलेट, न केवल कचरा-मुक्त और आसानी से संभालने योग्य है बल्कि इसमें शामिल प्राकृतिक तत्व शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, तनाव घटाने, पाचन सुधारने और हार्मोनल संतुलन बनाए रखने में भी सहायक साबित हो सकते हैं। संवाद
-इन्सेट:
किसान मेले में प्रदर्शित होगी तकनीक
पंतनगर। इंस्टेंट हर्बल टी-टैबलेट और उसकी तकनीक आगामी किसान मेले (10-13 अक्तूबर) में महाविद्यालय के स्टाॅल पर प्रदर्शित की जाएगी। किसान, विद्यार्थी और आमजन उत्पाद की विशेषता और उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। संवाद
-कोट:
मोहम्मद अब्बास जैसे छात्र विश्वविद्यालय की गौरवपूर्ण परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका यह नवाचार खाद्य प्रौद्योगिकी में पर्यावरण-अनुकूल और प्रेरणादायक कदम है।
-डॉ. पीके ओमरे, विभागाध्यक्ष-पोस्ट हार्वेस्ट प्रोसेस एंड फूड इंजीनियरिंग पंतनगर विवि