काशीपुर। जिलाधिकारी डाॅ. युगल किशोर पंत ने तहसील और रजिस्ट्रार कार्यालय का निरीक्षण कर रिकॉर्ड का रखरखाव दुरुस्त न होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने जिला मुख्यालय को अभिलेख देरी से पहुंचने के मामले में एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए।
डीएम शनिवार देर शाम तहसील कार्यालय पहुंचे। उन्होंने राजस्व अभिलेखों का पटल वार निरीक्षण किया। इस दौरान 18 गांवों को खतौनियां अपूर्ण पाईं गईं। खसरों में भी सिद्दाह ठीक अंकित होना नहीं पाए गए। उन्होंने डीएम ऑफिस को देरी से रिकॉर्ड मिलने पर भी नाराजगी जताते हुए एसडीएम अभय प्रताप सिंह को जांच सौंपी। डीएम ने रजिस्ट्रार कार्यालय में बैनामों के बारे में भी जानकारी ली।
उन्होंने प्रभारी रजिस्ट्रार प्रकाश बिष्ट को निर्देश दिए कि बैनामों के पंजीकरण में धारा 154 के तहत परिवार की परिभाषा का ध्यान रखा जाए। डीएम ने बताया कि एनएच घोटाले से संबंधित दस्तावेज वापस तहसील कार्यालय को उपलब्ध कराने के संबंध में आदेश जल्द हो सकता है। इसके बाद लंबित कार्य भी जल्द पूरे हो सकेंगे। इस अवसर पर एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार यूसुफ अली, नायब तहसीलदार बीसी आर्य, नाजिर संजीव चौहान, आरके अकरम अली आदि मौजूद थे।