रुद्रपुर। वन विभाग के मुख्यालय ने जंगल से अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया है। इसके अनुपालन में टांडा रेंज के अतिक्रमणकारियों को भेजे गए नोटिस के जवाब में खुद अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका है। इसलिए तराई केंद्रीय वन प्रभाग ने छह रेंज में इस आदेश का पालन कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
वन मुख्यालय ने पिछले दिनों वन क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था। इसलिए जंगलात के अधिकारियों ने शुक्रवार को पीपलपड़ाव रेंज की ककराला बीट में 30 हेक्टेयर भूमि खाली कराई थी। तराई केंद्रीय वन विभाग ने भाखड़ा, टांडा, पीपलपड़ाव, रुद्रपुर, हल्द्वानी, गदगदिया और बरहैनी रेंज के 100 से अधिक अतिक्रमणकारियों को चिह्नित कर उन्हें खाली करने का नोटिस दिया है। इसलिए रविवार को टांडा रेंज में बसे वनवासियों की 75 से अधिक झोपड़ियों पर बुलडोजर चल सकता है।
टांडा रेंज के रेंजर रूप नारायण गौतम ने बताया कि टांडा जंगल में बसे अतिक्रमणकारियों को 72 घंटे में भूमि खाली करने का निर्देश दिया था लेकिन उन्होंने भूमि खाली नहीं की है। रविवार को वहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा सकती है। उधर डीएफओ वैभव कुमार का कहना है कि नोटिस देने के बावजूद भी यदि कोई अतिक्रमण खाली नहीं करता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।