रुद्रपुर। रोडवेज बसों के समय और रूट की जानकारी लेने के लिए रुद्रपुर डिपो पहुंचने वाले यात्रियों को इन दिनों भटकना पड़ रहा है। डिपो में संचालित दो पूछताछ केंद्र निर्माण कार्य के चलते हटा दिए गए थे। अब निर्माण कार्य भी रुक गया है लेकिन पूछताछ केंद्र दोबारा शुरू नहीं किए गए हैं। ऐसे में यात्रियों को बसों की जानकारी के लिए परिचालकों के भरोसे रहना पड़ रहा है।
डिपो परिसर में जहां पहले पूछताछ केंद्र संचालित होते थे वहां अब बिरयानी और चने की बिक्री हो रही है। यात्रियों के लिए बसों के आवागमन, रूट और समय की जानकारी हासिल करने का कोई व्यवस्थित ठिकाना नहीं है। कई बार यात्रियों को बस के परिचालक या चालक से जानकारी लेनी पड़ती है।
रोडवेज डिपो में रोजाना बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं। पूछताछ केंद्र नहीं होने से उन्हें बस तलाशने और सही रूट की जानकारी जुटाने में दिक्कत हो रही है। निर्माण कार्य रुकने के बाद भी केंद्रों की व्यवस्था बहाल नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खड़े होकर बसों का इंतजार करने की मजबूरी
रुद्रपुर डिपो में यात्रियों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को काफी देर तक खड़े रहना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ सफर करने वालों को होती है। सामान लेकर आने वाले यात्रियों को भी बैठने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है। बसों के इंतजार में यात्रियों को राहत देने के लिए डिपो परिसर में पर्याप्त बेंच और व्यवस्थित प्रतीक्षालय की जरूरत है।
कोट
यात्रियों की सुविधा प्राथमिकता है। पूछताछ केंद्र और बैठने की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। - मधुसूदन मिश्रा, एआरएम