खटीमा। रेबीज के लक्षण मिलने के बाद हायर सेंटर रेफर किए गए व्यक्ति की मंगलवार को मौत हो गई। उसने बरेली के एक अस्पताल में दम तोड़ा। परिजनों ने अस्पताल में भर्ती करने के दौरान बताया था कि युवक तेंदुए के हमले में घायल हुआ था।
गोसीकुआं, भुड़ाई गांव में 13 जनवरी की रात एक विवाह समारोह में गए भुड़ाई निवासी दिनेश राणा (45), भड़ा भुडिया निवासी अनुराग और बिसौटा नौगवांनाथ निवासी रजनीश राणा को घायल अवस्था में खटीमा उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के तीन हफ्ते बाद इनमें से एक घायल दिनेश राणा (45) में रेबीज के लक्षण मिलने से मामले में नया मोड़ आ गया था। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वन क्षेत्राधिकारी महेश चंद्र जोशी ने बताया कि तेंदुए के हमले मामले की जांच की जा रही है।