रुद्रपुर में मांगी गई आरटीआई पर जवाब नहीं मिलने पर राज्य सूचना आयुक्त से शिकायत करता युवक।
संपत्ति रजिस्टर नहीं मिलने पर एसएनए पर बिफरे राज्य सूचना आयुक्त, आरटीआई कक्ष में फाइल में मिली गड़बड़ी
रुद्रपुर। नगर निगम के नजूल विभाग में संपत्ति की फाइल नहीं मिलने पर राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट दोनों सहायक नगर आयुक्त और कर्मचारियाें पर भड़क गए। उन्होंने फटकार लगाते हुए कहा कि लोग सूचना का अधिकार मांगते हैं,मगर नगर निगम में फाइल का रिकॉर्ड तक नहीं है।
बुधवार को राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग, कर अनुभाग, नजूल विभाग, सूचना अधिकार अधिनियम कक्ष आदि में जाकर विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। नजूल विभाग और कर अनुभाग का निरीक्षण कर राज्य सूचना आयुक्त भट्ट बड़े हैरानी से बोले कि यह जनता से जुड़ा कार्यालय है, यहां इससे पहले कोई जिम्मेदार अधिकारी निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचता क्या। उन्होंने कहा कि निगम के अनुभागों की हालत बेहद खराब है। यहां कोई भी कर्मचारी फाइल को ठीक ढंक से नहीं रख रहा है। फाइल की सुरक्षा नहीं कर रहे हैं। इसके बाद वह सूचना अधिकार अधिनियम कक्ष पहुंचे। यहां उन्होंने आरटीआई की फाइल खंगालीं, फाइल में गड़बड़ी देख वह कर्मचारियों पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी सारे कार्यों में फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। प्रतिदिन सिर्फ एक या दो अपील ही सुनी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अपील के समय आरटीआई की फाइल में तारीख भी नहीं डाली गई है। उन्होंने कर्मचारियों व सहायक नगर आयुक्त से बोला कि ऐसे में सरकार की छवि खराब होती है। उन्होंने आरटीआई की फाइलों को जब्त कर इस पर संज्ञान लेने की बात कही। वहां सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल व दीपक गोस्वामी, कर अधीक्षक लता आर्या, गायत्री देवी आदि थे।
-
निरीक्षण को पहुंचे सूचना आयुक्त तो खुली निगम की पोल
रुद्रपुर। नगर निगम में निरीक्षण के लिए पहुंचे राज्य सूचना आयुक्त तो निगम की पोल खुल गई। इससे सीधा देखने को मिला कि कर्मचारियों व अधिकारियों की ओर से निगम में ठीक तरह से जनता से जुड़े कार्य नहीं किए जा रहे हैं। इसपर सूचना आयुक्त भट्ट ने नगर आयुक्त विशाल मिश्रा से इसपर सुधार करने निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के बाद आयुक्त ने एमएनए मिश्रा, मेयर रामपाल सिंह के साथ मिलकर निगम के कर्मचारियों की बैठक ली। पत्रकार वार्ता में सूचना आयुक्त भट्ट ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी को भी ठेस पहुंचाने का नहीं है। सरकारी कार्यालयों में व्यवस्थाएं ठीक तरह से होनी चाहिए। कहा कि उम्मीद है कि अब अगली बार निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं ठीक मिलेंगी। संवाद