नेपाल सीमा से लगे ग्रामीण क्षेत्र खाली महुवट में केनरा बैंक और नगरा तराई में यूनियन बैंक और उनके एटीएम हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 500 और 1000 के नोटों के बंद करने की घोषणा के बाद दोनों ही बैंकों में न तो कोई नया खाता खोला गया है और न ही अभी तक एटीएम के ताले खुले हैं।
दोनों बैंकों में पुुराने नोट जमा करने और नए नोट बदलने और खाते से निकाले जाने का क्रम जारी। केनरा बैंक खाली महुवट के शाखा प्रबंधक राजीव रंजन ने बताया कि औसतन पांच सौ लोग प्रतिदिन पैसे जमा कर रहे हैं, जिनसे करीब तीन करोड़ रुपए के पुराने नोट जमा किए जा चुके हैं।
प्रतिदिन औसतन सौ ग्राहकों को भुगतान किया जा रहा है। अब तक दो हजार के 10 लाख के नोटों के साथ ही 26 लाख का भुगतान किया गया। यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक अंकित गौड़ ने बताया कि शाखा में अब तक तीन करोड़ रुपए जमा हुए हैं जबकि 24 लाख के दो हजार के नोट सहित कुल 34 लाख का भुगतान किया गया है। यह भी बताया कि बैंक में कुल 6000 खाते हैं, फिलहाल नए खाते नहीं खोले गए हैं।