भारतीय रेलवे ने कृषि में नित हो रहे शोध कार्यक्रमों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए कृषक परिवारों को सुविधाएं देना शुरू किया हैं।
इस सुविधा का लाभ उठाते हुए रेलवे के विशेष सैलून से यूपी के विभिन्न जिलों के पांच सौ किसानों का एक दल शनिवार को रेलवे के अधिकारी बीसी पांडेय के नेतृत्व में पंतनगर रेलवे स्टेशन पहुंचा।
रेलवे स्टेशन से किसान बसों से पंतनगर विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कृषि तकनीकों की जानकारी हासिल की। वैज्ञानिकों से कृषि क्षेत्र में आ रही समस्याओं के समाधान के उपाय जाने।
विषय वस्तु विशेषज्ञ मोहन सिंह ने बताया कि दल को पांच भागों में बांट कर पंतनगर विवि के विभिन्न शोध केंद्रों का भ्रमण कराया गया।
किसानों ने बसों से डेयरी रिसर्च सेंटर, मुर्गी अनुसंधान केन्द्र, मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय, फसल अनुसंधान केन्द्र, उद्यान अनुसंधान केन्द्र, सब्जी अनुसंधान केन्द्र, मशरूम अनुसंधान केन्द्र सहित विभिन्न इकाइयों का भ्रमण किया।
दल का नेतृत्व प्रसार शिक्षा निदेशालय के डा. एसके बंसल, मोहन सिंह, डा. बीएस कार्की, डा. बीबी सिंह, डा. जितेन्द्र सिंह ने किया। निदेशक प्रसार शिक्षा डा. वाईपीएस डबास ने किसानों से ज्ञान और तकनीकों का अपने क्षेत्रों में पहुंचाकर अच्छी खेती करने और अन्य किसानों को भी प्रेरित करने के लिये कहा।