रुद्रपुर। गदरपुर के विधायक अरविंद पांडेय ने कहा कि जिले में अतिक्रमण के विरुद्ध हो रही कार्रवाई के दौरान किसानों और मजदूरों को घबराने की जरूरत नहीं हैं। किसी भी किसान को अतिक्रमण से संबंधित नोटिस नहीं दिया जाएगा।
डीएम युगल किशोर पंत से मुुलाकात करने के बाद गदरपुर विधायक ने मंगलवार शाम रुद्रपुर कलक्ट्रेट में प्रेसवार्ता की। कहा कि वन विभाग की जमीन पर धर्म की आड़ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जाएगा चाहे वह किसी भी धर्म का हो। इसके लिए किसी किसान या मजूदरों को परेशान नहीं किया जाएगा। विधायक ने कहा कि नोटिस भेजने के बावजूद किसान किसान या मजदूर को नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना करते हुए कहा कि भूमिहीन लोगों के रहने के लिए उचित बंदोबस्त किया जाएगा। इसके लिए सभी एसडीएम को भूमिहीन लोगों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
किच्छा के मुख्य बाजार में नापजोख शुरू
किच्छा। नगर के मुख्य बाजार में लोक निर्माण विभाग, चकबंदी विभाग और तहसील विभाग के अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाने की कवायद के साथ जब नाप जोख शुरु की तो व्यापारियों में अफरातफरी मच गई।
मंगलवार को लोकनिर्माण विभाग के ईई प्रकाश लाल, चकबंदी विभाग के अनिल कुमार, राजस्व विभाग के अशोक कुमार चौहान के साथ नगर के रेलवे स्टेशन से बाजार की ओर नापजोख करनी शुरु की। ईई प्रकाश लाल ने बताया कि रेलवे स्टेशन से लेकर दीनदयाल चौक तक अलग-अलग माप है। जहां दीनदयाल चौक पर सड़क के बीचोबीच से दायरा 18 मीटर है, वहीं लेफ्ट पाहा नहर के निकट आकर यह दायरा 12 मीटर का हो जाता है।