खटीमा में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए कुछ नकाबपोश दबंगों ने खटीमा कोतवाली से करीब एक किमी
खटीमा। कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए कुछ नकाबपोश दबंगों ने खटीमा कोतवाली से करीब एक किमी दूर स्थित राजीवनगर में एक किराने की दुकान को 10 मिनट में जेसीबी से ढहाकर फरार हो गए। इस दौरान आरोपियों ने दुकान स्वामी के साथ मारपीट भी की और वीडीओ बना रहे एक युवक का फोन भी तोड़ दिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक अज्ञात सहित तीन लोगों पर केस दर्ज किया है।
पीड़ित रजत गुप्ता ने थानाध्यक्ष एसएसआई रवींद्र बिष्ट को सौंपी तहरीर में बताया कि उसने 18 वर्ष पूर्व दो लाख रुपये में दुकान खरीदी थी। इस दुकान पर वह 35 साल से काबिज था। पीड़ित ने कहा कि शनिवार सायं चार बजे तीन वाहनों में सवार कुछ नकाबपोश जेसीबी लेकर दुकान पर पहुंचे। नकाबपोशों ने वाहनों की नंबर प्लेट पर चिट चिपकाई थीं। उन्होंने उसे घसीटकर दुकान से बाहर निकाला और मारपीट की। जेसीबी से दुकान की दीवारें और लिंटर गिरा दिया गया। इसके बाद आरोपी वाहनों से अल्केमिस्ट मार्ग से होते हुए भाग निकले। आरोपियों ने बीच-बचाव के लिए आई उसकी बहन वैशाली गुप्ता से भी अभद्रता की। आरोपियों ने घटना का वीडियो बना रहे युवक का फोन तोड़ दिया और उसके साथ मारपीट की।
थानाध्यक्ष एसएसआई रवींद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस दुकान ढहाने के मामले की जांच पड़ताल कर रही है। वह शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश करेंगी। पुलिस ने दुष्यंत, अरसद सहित एक अन्य के विरुद्ध 120बी, 323, 427, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। रविवार को पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की।
दुकान के मामले में पार्टनरों का आपस में झगड़ा था। दुकान को लेकर पहले उनमें झगड़ा हुआ फिर दुकान गिराई गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया हैं। जांच पड़ताल चल रही हैं। - वीर सिंह (सीओ खटीमा)