रुद्रपुर। महिला समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए मेयर की ओर से नई पहल की जा रही है। इसके तहत चार पार्कों के सौंदर्यीकरण और रखरखाव का जिम्मा इन समूहों को दिया जाएगा। यह पहली बार है जब लाखों का निर्माण कार्य का जिम्मा महिला समूहों को मिलने जा रहा है।
केंद्र सरकार की ओर से अमृत 2.0 की उप योजना अमृत मित्र के तहत चार नए पार्क विकसित करने की स्वीकृति दी है। इनमें वार्ड 38 में पटेल पार्क, गर्ल्स हॉस्टल के सामने नया पार्क, वार्ड छह जगतपुरा में गायत्री पार्क और फिकल स्लज टीटमेंट प्लांट में सौंदर्यीकरण कार्य शामिल है। ये कार्य 40 लाख रुपये से किए जाने हैं।
मेयर विकास शर्मा ने बताया कि इन निर्माण कार्यों को ठेकेदारों के बजाय दीनदयाल अन्त्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत निगम में गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से कराने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश में पहली दफा है जब किसी निकाय में इतने बड़े बजट के काम महिला स्वयं सहायता समूहों से कराए जा रहे हैं।
इन पार्कों में निर्माण कार्यों के साथ ही पार्कों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी भी समूहों को ही सौंपी जाएगी। इसके लिए चार मार्च तक एसएचजी से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही इन पार्कों के सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो जाएगा।