पंतनगर। दामाद को अपना घर छोड़कर रामनगर आकर रहने का दबाव बनाने और लड़के की मां से मारपीट व अभद्रता के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है।
जवाहर नगर थाना पंतनगर निवासी कलावती देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पुत्र गिरीश भट्ट का विवाह करीब डेढ़ वर्ष पूर्व कंचनपुर छोई पड़ाव रामनगर निवासी सुनीता लोहनी से हुआ था। मार्च में जब सुनीता अपने मायके गमी में शामिल होने गई तो वहां उसके मायके वालों ने उससे दामाद को रामनगर में रखने का दबाव बनाया। साथ ही उनके पुत्र पर भी अपने परिवार को छोड़कर उनके साथ ही रहने का दबाव बनाने लगे।
कलावती देवी का कहना है कि जब उनके पुत्र ने मना किया तो बहू की मां अमिता लोहनी और गोपाल लोहनी ने घरेलू हिंसा का वाद दायर कर दिया। बहू के मायके वाले तब से दबाव बना रहे हैं कि यदि दामाद रामनगर में आकर रहने लगे तो वे समझौता कर केस वापस ले लेंगे।
आरोप लगाया है कि 20 मार्च को भी अमिता लोहनी व उसका पति गोपाल लोहनी जबरदस्ती उनके घर में घुस आए और समझौता करने का दबाव डालने लगे। जब उन्होंने इनकार किया तो उक्त दंपती ने गालीगलौज शुरू कर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनका बेटा भी घर आ गया था जिसके सामने भी उन लोगों ने उनके साथ काफी अभद्रता की। पुलिस ने गोपाल लोहनी व अमिता लोहनी के खिलाफ मारपीट व धमकी देने की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। संवाद