काशीपुर। दस साल पुराना प्यार ठुकराए जाने से आवेश में आए युवक ने कथित प्रेमिका को गली में घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने दोनों के रिश्ते में आड़े आई प्रेमिका की मां की भी निर्ममता से हत्या कर दी। वीभत्स घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खून से सने चाकू के साथ बांसफोड़ान चौकी पहुंच गया और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड से मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
मोहल्ला अल्ली खां, इमली चौक निवासी रईस सैफी और उसका बेटा शावेज दुबई में नौकरी करते हैं। वहां वे एक कंपनी में शीशे की इंचिंग का काम करते हैं। रईस की पत्नी शबाना उर्फ नानिया (45) और उनकी बेटी शीबा (25) यहां रहते थे। शीबा का दस साल से मोहल्ले के ही सलमान सिद्दीकी (28) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन कुछ समय से शीबा उससे दूरी बना रही थी।
तीन माह पहले ही शीबा के पिता रईस ने कार खरीदी। शीबा इन दिनों एक ट्रेनर से कार सीख रही थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे कार सीखने के बाद वह लौटी। पार्किंग में कार खड़ी कराने के बाद वह पैदल अपने घर की ओर आ रही थी। इमली चौक गली में अल्ली खां निवासी सलमान सिद्दीकी स्कूटी लेकर उसके आने का इंतजार कर रहा था। सलमान ने उसे रोककर नजरअंदाज करने का कारण पूछा। इसे लेकर उनकी कुछ सेकेंड तक कहासुनी हुई। आवेश में सलमान ने शीबा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। खून से लथपथ शीबा नाली में गिर पड़ी।
घटनास्थल पर मौजूद कुछ युवकों और महिलाओं ने हत्यारे सलमान को रोकने का प्रयास किया लेकिन उसके सिर पर खून सवार था। सलमान ने सभी को चाकू की नोक पर डराकर पीछे हटा दिया और वहां से स्कूटी लेकर सीधे शीबा के घर पहुंच गया। उस वक्त शीबा की मां शबाना कुर्सी पर बैठकर टीवी देख रही थी। सलमान ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और कुर्सी पर बैठी शबाना की गर्दन पर चाकू से कई वार किए। बचने के लिए वह बरामदे की ओर भागी लेकिन सलमान ने ताबड़तोड़ हमले कर उसे मरणासन्न स्थिति में पहुंचा दिया।
इसी बीच काफी लोग शीबा की हत्या के बारे में जानकारी देने के लिए उसके घर पहुंच गए। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से खून सना चाकू लेकर निकला सलमान स्कूटी लेकर चला गया। बाद में उसने बांसफोड़ान चौकी पहुंचकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। सूचना पर एसपी चंद्रमोहन सिंह, सीओ वंदना वर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने तक घर में घायल पड़ी शबाना की सांसे चल रही थीं।
पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में सलमान ने रुपये ठगने के बाद रिश्ते से मुकर जाने के कारण वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
लोग मूकदर्शक बने रहे और चली गईं दो जानें
काशीपुर। मोहल्ला अल्ली खां में दिनदहाड़े हुए दोहरे हत्याकांड के चश्मदीद मूकदर्शक बने रहे। वारदात हो जाने के बाद 10 से अधिक लोगों ने 112 पर कॉल कर पुलिस को वारदात की सूचना तो दी लेकिन खुद पहल कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास नहीं किया। सुबह करीब 10:30 बजे सलमान ने शीबा को पकड़ा तो वहां दोनों के बीच झगड़ा होने की आवाजें सुनकर कई लोग आ गए। उन्होंने सलमान को रोकने का प्रयास किया लेकिन आरोपी उन्हीं पर भड़कने लगा। इस पर मौके पर मौजूद लोग सहम गए। शीबा की हत्या के बाद प्रत्यक्षदर्शी घटना की जानकारी देने के लिए उसके घर पहुंचे लेकिन उन्हें इस बात का कोई अंदेशा नहीं था कि आरोपी एक और वारदात को अंजाम देने के लिए वहां पहुंच चुका था। संवाद
वारदात को अंजाम देने के बाद चाकू लेकर जाता सलमान। संवाद- फोटो : KASHIPUR
हत्यारोपी सलमान।- फोटो : KASHIPUR
मृतका मां- बेटी का फाइल फोटो।- फोटो : KASHIPUR