बाजपुर डिग्री कालेज के प्रभारी प्राचार्य का को लिखित में पत्र सौंपते छात्र
- फोटो : अमर उजाला
चुनावी रंजिश को लेकर हुई छात्रों में मारपीट और फायरिंग मामले को लेकर डिग्री कालेज में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष नवदीप सिंह नवी पर हमले के विरोध में छात्रों ने हंगामा कर शैक्षिक और प्रवेश कार्य बंद करा दिया। प्राचार्य डॉ. एके जोशी ने स्टाफ और छात्र नेताओं की संयुक्त मीटिंग कर 3 सितंबर को होने वाले प्रवेश की तिथि अब 6 सितंबर को निर्धारित की।
बता दें कि दो सितंबर को मुख्य बाजार में धर्मशाला के पास बाइक से जा रहे पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष नवदीप सिंह नवी और पूर्व उपाध्यक्ष गुरजंट सिंह रंधावा गुट आपस में भिड़ गए थे। इस दौरान तलवारें, लाठियां चलीं और फायरिंग हुई। जिसमें छात्र संघ पूर्व अध्यक्ष नवदीप सिंह नवी और बीच बचाव में आए हरदीप सिंह घायल हो गए थे।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष नवदीप सिंह नवी के पिता मोहन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गुरजंट सिंह रंधावा, विक्रम सिंह विक्की, लवजीत सिंह, रवींद्र सिंह व अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसआई विद्या दत्त जोशी की तरफ से पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष गुरजंट सिंह रंधावा पर दफा 25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
शनिवार को छात्र संघ पूर्व अध्यक्ष नवदीप सिंह पर हुए हमले को लेकर छात्रों ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. अवनींद्र कुमार जोशी का घेराव कर मांग पत्र सौंपा। उसके बाद कालेज में शैक्षिक कार्य बंद हो गया। प्रवेश लेने पहुंचे छात्र निराश होकर लौटे।