रुद्रपुर। एमिनिटी क्रिकेट अकादमी के खेल मैदान पर हाइलैंडर क्रिकेट अकादमी काशीपुर और रुद्रा लाइंस क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया मुकाबला एकतरफा रहा। 40 ओवर के निर्धारित मैच में हाइलैंडर अकादमी ने 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
शुक्रवार को हुई अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में रुद्रा लाइंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम 33 ओवर में महज 96 रन पर ऑलआउट हो गई। परमजीत सिंह ने 22, अर्नव ने 16 और अंश टम्टा ने 12 रन का योगदान दिया। हाइलैंडर की ओर से परमार्थ और अमृतांशु ने दो-दो विकेट झटके। 97 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी हाइलैंडर क्रिकेट अकादमी ने महज 14.3 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया। मैन ऑफ द मैच नितिन रहे। मैच में अंपायर की भूमिका राजेंद्र कुमार और नवीन पंत ने निभाई जबकि स्कोरर बलवंत सिंह रहे। इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष गौरव तिवारी, आफताब आलम, रितिक, विकास शर्मा, इंद्र नील, बाबुल, सुनील आदि मौजूद रहे।