काशीपुर। काशीपुर में अस्पतालों, स्थायी दुकानदारों, शोरूम और चारपहिया व भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से सड़कें संकरी हो गईं। इससे अन्य जगहों पर अतिक्रमण को बढ़ावा मिल रहा है जिससे लोग जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। मुरादाबाद रोड पर लोनिवि को 98 व्यक्तियों के अतिक्रमण मिले हैं।
सूचना अधिकार के तहत नदीम उद्दीन ने पीडब्ल्यूडी के लोक सूचना अधिकारी से काशीपुर शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 74 पर मार्ग की चौड़ाई और अतिक्रमण की सूचना मांगी थी। इसके अनुसार ग्राम सरवरखेड़ा में जसपुर रोड पर किमी. 154 में मार्ग भूमि की चौड़ाई 27 से 30 मीटर, किमी 155 में 36 से 45 मीटर, ग्राम महेशपुरा में जसपुर रोड पर किमी 155 में 36 से 45 मीटर चौड़ी है।
जसपुर बस अड्डा क्षेत्र में 45 मीटर, महेशपुरा की पुलिया के पास 42 मीटर और टांडा मोड़ से चौराहे तक 16 से 18 मीटर व ग्राम जसपुर खुर्द में आरओबी से द्रोणासागर नहर तक 21 में 27 मीटर है। ग्राम टांडा उज्जैन में चैती चौराहे क्षेत्र से महादेव नहर तक 24 से 27 मीटर है जबकि मुरादाबाद रोड पर (किमी. 156 से किमी. 159 में) पीडब्ल्यूडी को 98 अतिक्रमण मिले हैं।
नदीम उद्दीन ने कहा कि इस समस्या से तब ही छुटकारा पाया जा सकता है जब इसके लिए जिम्मेदार विभाग सही से कार्रवाई करें।