इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) के सालाना उत्सव ‘आग्नेत्र’ का शुक्रवार को भव्य आगाज हुआ। बाजपुर रोड स्थित आईआईएम के ऑडिटोरियम में आईआईएम के डायरेक्टर डा. गौतम सिन्हा, मुख्य अतिथि डी बाली इंफ्रास्ट्रक्चर एंड बिल्डर्स के एमडी दीपक बाली ने संयुक्त रुप से फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके बाद पहले दिन आयोजित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया। इस उत्सव का अमर उजाला मीडिया पार्टनर है।
शुक्रवार को आईएमटी गाजियाबाद, आईआईटी दिल्ली, दिल्ली स्कूल ऑफ इकनामिक्स, दून बिजनेस स्कूल की टीमों ने आईआईएम काशीपुर की टीम के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। सोलो डांस कंपटीशन में आईआईएम काशीपुर के अनंत पहले स्थान पर रहे। जबकि बिग डांस एकेडमी के अमर ने दूसरा स्थान हासिल किया। युगल नृत्य में नटराज डांस एकेडमी काशीपुर की टीम विजयी रही। जबकि आईआईएम काशीपुर के अनंत और पंखुरी ने दूसरा स्थान हासिल किया।
ग्रुप डांस का खिताब आईएमटी गाजियाबाद के नाम रहा। आईआईएम काशीपुर की टीम दूसरे स्थान पर रही। मुख्य अतिथि ने कहा कि काशीपुर जैसे छोटे शहर में आईआईएम स्थापित होने से शहर के विकास को पंख लग गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही आईआईएम की कक्षाएं एस्कार्ट फार्म स्थित अपने निजी भवन में लगेंगी। निदेशक ने अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन इंवेंट कॉर्डिनेटर रिचा प्रसाद ने किया।