काशीपुर। पिछले साल का फेलियर हूं, इस बार देख लीजिए गुरुजी... ऐसा एक छात्र ने बोर्ड परीक्षा के समय अपनी उत्तर पुस्तिका में लिखा था। यह बात मूल्यांकन के दौरान सामने आई है। हालांकि इस छात्र के अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने की बात सामने आ रही है।
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं खत्म होने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से 27 मार्च से 10 अप्रैल तक मूल्यांकन किया गया। इसके लिए जीजीआईसी काशीपुर को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया था। यहां दूसरे क्षेत्रों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की करीब 34,360 उत्तर पुस्तिकाएं पहुंची थीं। कॉपियों को जांचने के लिए 109 कक्ष परीक्षक तैनात किए गए थे। परीक्षकों ने समय सीमा में मूल्यांकन कार्य शांतिपूर्वक संपन्न कर दिया है।
सूत्रों ने बताया कि मूल्यांकन के दौरान एक छात्र ने अपनी उत्तर पुस्तिका में लिखा था, कि पिछले साल का फेलियर हूं, इस बार देख लेना गुरुजी जबकि फरियाद करने वाला यह छात्र अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हो रहा है। खंड शिक्षाधिकारी धीरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि जीजीआईसी केंद्र में मूल्यांकन कार्य शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है।