1000 और 500 रुपये के नोट बंद होने का असर विद्युत विभाग के बिल काउंटर में देखने को मिला। बुधवार को बाजपुर रोड स्थित विभाग के मुख्य दफ्तर में बिजली का बिल जमा करने के लिए काउंटर में भारी भीड़ लगी थी। लेकिन ज्यादातर उपभोक्ता के पास 500 या 1000 रुपये के नोट थे।
बिल जमा कर रहे कर्मचारियों ने बड़े नोट लेने से इंकार किया तो उपभोक्ताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। कर्मचारियों ने बड़े नोट नहीं लेने की वजह अधिकारियों का आदेश बताया। मगर उपभोक्ता सुनने को तैयार नहीं हुए। मामला तूल पकड़ा तो ईई ने सूचना पुलिस को दी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे उपभोक्ताओं को किसी तरह शांत किया। ईई विवेक कांडपाल ने बताया कि हंगामे के चलते काउंटर एक घंटे तक बंद रहा। काउंटर खोलने के बाद बिल जमा किए गए। देहरादून मुख्यालय से आए आदेश के अनुपालन में ही 500 और 1000 रुपये के नोट नहीं लिए जा रहे थे।