निरंकारी मिशन के सद्गुरु बाबा हरदेव सिंह ने कहा कि कलयुग में इंसान इंसानियत को भूल चुका है। इंसान ही इंसान का दुश्मन बनता जा रहा है। कहा मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है। वह नैनीताल हाईवे स्थित मंडी समिति मैदान में विशाल निरंकारी संत समागम में प्रवचन कर रहे थे। जहां हजारों की संख्या में अनुयायी मौजूद थे। चारों ओर रोशनी से जगमगाता पंडाल था।
इस दौरान उन्होंने सत्य मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा इंसान जन्म से पहले भगवान से कई वायदे करता है लेकिन जन्म के बाद सांसारिक मोह माया व निजी स्वार्थ की खातिर भगवान से किए वायदों को भूलकर असत्य व काल्पनिक दुनिया में खो जाता है। उमनुष्य को जाति धर्म, छुआछूत की भावना को दूर करके इंसानियत की ओर कदम बढ़ाने चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि कोई भी धर्म या मजहब इंसान को जानवर बनने की शिक्षा नहीं देता बल्कि भाईचारे व एकता अखंडता की शिक्षा देती है।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
रुद्रपुर। नैनीताल रोड पर विशाल निरंकारी संत समागम की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा मिशन के सेवादारों व बाहरी सुरक्षा का जिम्मा स्थानीय पुलिस प्रशासन ने बखूबी निभाया। पंडाल के अंदर निरंकारी मिशन के सेवादार अपनी जिम्मेदारी को निभा रहे थे और हजारों की भीड़ को नियंत्रित करने व कतारबद्ध चलने का आग्रह कर रहे थे। वहीं हाईवे पर पुलिस के जवानों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु करने का दायित्व निभाया।