काशीपुर। किडनी रोग सामान्यत: डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, पथरी और पेशाब में बार-बार संक्रमण के कारण होता है। किडनी खराब होने की प्रक्रिया दीर्घकालिक है।
किडनी की क्षमता सीरम क्रिएटिनिन के स्तर पर निर्भर करती है। किडनी में खराबी से शरीर में यूरिया और क्रिएटिनिन की मात्रा बढ़ जाती है। किडनी संबंधी रोगों से बचने के लिए तत्काल गुर्दा रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। गुर्दे तंदुरुस्त और सक्रिय रहेंगे तो बीपी भी कंट्रोल में रहेगा।
यह जानकारी मानपुर रोड स्थित उजाला अस्पताल में वरिष्ठ गुर्दा रोग विशेषज्ञ डॉ. जेएस बिश्नोई ने दी। डॉ. बिश्नोई ने बताया कि जीएफआर जांच से किडनी रोग के स्तर को वर्गीकृत किया जाता है। लंबे समय में रोगी की दोनों किडनियां सिकुड़कर एकदम छोटी हो जाती हैं।
उन्होंने बताया कि ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की अस्थिरता ही किडनी रोग का मुख्य कारण है। चेहरे और पैरों पर सूजन आना, भूख कम लगना, मितली आना इस रोग के लक्षण है। डॉ. बिश्नोई ने बताया कि सामान्य बीपी 120/80 होता है, 128 से 89 को प्री-हाइपरटेंशन माना जाता है। इसमें जीवनशैली और खानपान में बदलाव करना होता है। 140/90 से अधिक बीपी होने पर रोगियों को डॉक्टर से परामर्श करते रहना चाहिए। ऐसे रोगियों को अपने आहार पर विशेष ध्यान देना जरूरी होता है।
जरूरी है कि रोगी अपना वजन नियंत्रित रखें और खाने में नमक की मात्रा कम करें। किडनी रोगी समय-समय पर पेशाब और रक्त की जांचें कराते रहें। लंबे समय तक दर्द निवारक दवाओं के सेवन करने से भी किडनी में संक्रमण उत्पन्न हो जाता है। बच्चों में भी किडनी और मूत्र मार्ग में बार-बार संक्रमण होने से किडनी रोग उत्पन्न हो जात है। ऐसे में जरूरी है कि रोगी गुर्दा रोग विशेषज्ञ के संपर्क में रहें। बता दें कि डॉ. बिश्नोई ने एमबीबीएस और एमडी एएफएनसी पुणे से की है। इसके बाद उन्होंने गुर्दा रोग में डीएम नेफ्रोलॉजी में पीजीआई चंडीगढ़ में स्पेशलाइजेशन किया है।
उजाला अस्पताल में गुर्दा और हृदय रोग शिविर नौ को
काशीपुर। मानपुर रोड स्थित उजाला अस्पताल में नौ नवंबर को नि:शुल्क गुर्दा एवं हृदय रोग स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इसमें विशेषज्ञ चिकित्सक रोगियों का परीक्षण कर परामर्श देंगे। शिविर में रोगियों की जांचों में 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। शिविर नौ नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक चलेगा। शिविर में वरिष्ठ गुर्दा रोग विशेषज्ञ डॉ. जेएस बिश्नोई एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र वर्मा रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे।