काशीपुर। राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। कॉलेज का महिला छात्रावास बनकर तैयार हो गया है। अब इसके महाविद्यालय को हस्तांतरित होने का इंतजार है।
कॉलेज में जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, सुल्तानपुर पट्टी, केलाखेड़ा, रामनगर, महुआखेड़ा गंज से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करने पहुंचते हैं। कई छात्राएं पीएचडी भी कर रही हैं। छात्रावास नहीं होने पर छात्राओं को किराए पर कमरा लेना पड़ता है। इसके चलते बालिकाओं के लिए छात्रावास की मांग लंबे समय से चल रही थी। कॉलेज प्रशासन ने इसके लिए प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा। निदेशालय से मंजूरी मिलने पर कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड ऊधमसिंह नगर को कार्य का जिम्मा सौंपा गया था। कार्यदायी संस्था ने करीब तीन करोड़ की लागत से 51 बेड के छात्रावास का निर्माण कराया। पिछले साल जून में इसका निर्माण कार्य पूरा होना था लेकिन कार्यदायी संस्था इसे समय पर नहीं करा सकी। अब भवन बनने के बाद भी हस्तांतरण का इंतजार है।
कोट
कॉलेज में बालिका छात्रावास बनकर तैयार हो गया है। कार्यदायी संस्था ने इसका थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराना है। इसके बाद ही हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। - प्रो. सुमिता श्रीवास्तव, प्राचार्य, राधेहरि पीजी कॉलेज काशीपुर