सब्जी व्यापारी की दुकान का ताला तोड़कर एक बोरा प्याज और गल्ले में रखे पंद्रह सौ रुपये चोरी के मामले में सिपाही और होमगार्ड को सीसीटीवी कैमरे में चिन्हित कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी होमगार्ड के जवान को हिरासत में लेकर मेडिकल करवा कर उसे जेल भेज दिया। जबकि, सिपाही फरार हो गया है।
मंगलवार को पुलिस ने दुकान में चोरी के आरोपी होमगार्ड के जवान प्रदीप सिंह राणा को उसके घर नौसर पटिया थाना खटीमा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने होमगार्ड का मेडिकल करवाकर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, चोरी में लिप्त सिपाही प्रेम सिंह रिपोर्ट दर्ज होने की भनक लगते ही फरार हो गया।
पुलिस उसकी तलाश में लगी है। गौरतलब हो कि 27 फरवरी की रात दो बजे गश्त कर रहे सिपाही व होमगार्ड ने दहला रोड निवासी सब्जी व्यापारी पूरन कश्यप की दुकान का ताला तोड़कर चोरी कर ली थी। पूरन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन सीसीटीवी कैमरे में चोरी करते सिपाही और होमगार्ड की फुटेज देखने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 457, 380 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित को पीटने वाला दरोगा लाईन हाजिर
सब्जी की दुकान में चोरी से पीड़ित दुकान स्वामी पूरन कश्यप तहरीर लेकर जब थाने पहुंचा तो पुलिस कर्मियों ने उसे थाने बैठा लिया। पूरन का पुत्र रोहित व साला राजू जब उसका पता करने गए तो एसआई जयपाल सिंह ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। चोरी में पुलिस कर्मियों के हाथ की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
सैकड़ों व्यापारी थाने पहुंच गए और दरोगा के खिलाफ नारे लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। व्यापारी थाना गेट पर ही प्याज की माला टांग कर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर विधायक प्रेम सिंह राणा भी मौके पर पहुंचे। हंगामा बढ़ता देख सीओ सितारगंज पीएस पांगती भी थाने आ गए। जिनसे व्यापारियों की तीखी नोंकझोंक हुई।
व्यापारियों का आरोप था कि क्षेत्र में चोरियों और आपराधिक वारदातों में खाकी वर्दी में छिपे अपराधियों का हाथ है। इसलिए पुलिस खुलासा नही कर रही है। देर रात एसएसपी केवल खुराना ने दरोगा जयपाल सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश दिए। तब, जाकर आक्रोशित व्यापारियों ने अपना धरना समाप्त किया। वहां छगन लाल अग्रवाल, सत्यनारायण मित्तल, भुवन सिंह राणा, मुकेश राणा, निखिल मित्तल, भवानी जोशी, सौरभ कुंछल, रामनरेश राणा, सोनू पंतोला, विशाल गोयल, दिनेश चौरसिया, रमेश सक्सेना, पवन गुप्ता, अरविंद रस्तोगी, राजू गुप्ता आदि थे।