रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन में बस में चढ़ते यात्री।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। कोरोना महामारी के बाद घाटे में चल रहे रोडवेज के लिए होली संजीवनी साबित हुई। यात्रियों की संख्या बढ़ने से डिपो की दैनिक आय का लक्ष्य आसानी से पूरा हुआ। रुद्रपुर डिपो की दैनिक आय 15 लाख 44 हजार रुपये तक पहुंची।
होली के चलते 27 मार्च से ही रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़भाड़ शुरू हो गई थी। लंबे रूटों व स्थानीय रूटों की बसों में सीटों के लिए यात्रियों में मारामारी की स्थिति रही। बुधवार को भी होली मनाकर दिल्ली व मुंबई आदि महानगरों को लौट रहे यात्रियों की रोडवेज बसों में काफी भीड़भाड़ रही। अभी दो-तीन दिनों तक रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या अधिक रहने की संभावना है। एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि मार्च में रुद्रपुर डिपो को 14 लाख 44 हजार रुपये की दैनिक आय का लक्ष्य मिला था, होली के दौरान डिपो ने निर्धारित लक्ष्य से एक से डेढ़ लाख रुपये तक अधिक आय प्राप्त की। बता दें कि रोडवेज मुख्यालय ने होली पर्व पर 25 मार्च से चार अप्रैल तक ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालकों के लिए एक हजार और 11 सौ रुपये की प्रोत्साहन राशि की सुविधा दी है।