रुद्रपुर। परिचालकों की कमी रोडवेज डिपो की आय में बाधक बन रही है। अव्यवस्था के कारण डिपो का आय के लक्ष्य तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। परिचालकों की कमी के कारण बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। ड़िपो को निगम मुख्यालय से 15.48 लाख प्रतिदिन आय का लक्ष्य मिला हुआ है। डिपो इसका 70-80 प्रतिशत ही आय हासिल कर पा रहा है। आय के लिहाज से डिपो की गाड़ी औसतन साढ़े ग्यारह लाख रुपये पर अटकी हुई है।
डिपो प्रबंधन ने बताया कि परिचालकों की कमी के कारण हर दिन चार-पांच बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इससे डिपो को प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख रुपये की चपत लग रही है।
डिपो में परिचालकों के 193 पद सृजित हैं। तैनाती केवल 157 पदों पर है। डिपो के बेड़े में परिवहन निगम की 39 बस हैं। 47 अनुबंधित बसों का संचालन होता है। अनुबंधित बसों में परिचालक परिवहन निगम का होता है।
सात दिन में डिपो की आय (लाख में)
तारीख-आय
-एक दिसंबर-12,80,000
-दो दिसंबर-13,21,000
-तीन दिसंबर-12,95,000
-चार दिसंबर-11,18,000
-पांच दिसंबर-11, 60,000
-छह दिसंबर-11,40,000
-सात दिसंबर-11,63,000
परिचालकों के रिक्त पदों पर तैनाती का मामला निगम मुख्यालय के संज्ञान में है। परिचालकों की कमी का असर बसों के संचालन पर पड़ता है। निकट भविष्य में परिचालकों की नियुक्ति होने की संभावना है।
-श्रीराम कौशल, सहायक महाप्रबंधक रुद्रपुर रोडवेज डिपो