बाजपुर। मड़ैया हट्टू गांव के एक घर में हुए तेज धमाका होने से सीमेंटेड चादर उड़ गई। धमाके की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने खून से सने दो लोगों को मौके से भागते देखा जिनके पास नोटों से भरा बैग होने की संभावना भी जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल पर मिले कुछ रसायनयुक्त सामान को कब्जे में लिया है।
शनिवार देर शाम ग्राम मड़ैया हट्टू स्थित एक घर के अंदर अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके से घर में लगी सीमेंटेड चादर टूट कर पास के खेतों में जा गिरी। गांव निवासी प्रीतम सिंह और महेंद्र कौर ने बताया कि धमाके के बाद खून से सने दो लोगों को बैग लेकर भागते हुए देखा था। इस दौरान ग्रामीणों नेे बैग लेकर भाग रहे एक व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की लेकिन आरोपी बैग लेेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि बैग नोटों से भरा था।
सूचना पर रविवार सुबह 11 बजे केलाखेड़ा थाना प्रभारी जीसी जोशी और बेरिया दौलत पुलिस चौकी इंचार्ज मनोहर चंद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर के अंदर बिखरे सामान और सीमेंटेड चादर के खेत में पड़े टुकड़ों मुआयना किया। ग्राम प्रधान पति, शहीद भगत सिंह के पौत्र विश्वजीत सिंह ने घटना स्थल से मिले गंधक, केमिकल युक्त रंग और धागे सहित अन्य सामान को एकत्र कर अपने फार्म हाउस पर रख लिया। घटना को लेकर ग्रामीणों में खूब चर्चा है। थाना प्रभारी जीसी जोशी ने बताया कि ग्राम प्रधानपति विश्वजीत सिंह से घटनास्थल से मिले सामान को कब्जे में लिया गया है। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि केलाखेड़ा एसओ जीसी जोशी से घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है।
नोटों की डबलिंग की भी चर्चा
बाजपुर। थाना प्रभारी जीसी जोशी ने बताया कि गांव मड़ैया हट्टू में हुई घटना नोटों की डबलिंग प्रतीत होता है। नोटों की डबलिंग करने वाला गिरोह अकसर यूपी में सक्रिय रहता है जो लोगों को झांसा देकर एक दो बार डबल करके नोट देता है। उसके बाद मशीन से नोट डबल करने के नाम मशीन में धमाका कर देते हैं और सारी रकम लेकर भाग जाते है। फिलहाल पुलिस मकान स्वामी कुलवंत सिंह की तलाश कर रही है। उसके पकड़े जाने पर ही घटना का पता चल सकेगा।
बाजपुर के मढ़ैया हट्टू में जेवर गलाकर ज्यादा करने का लालच देकर कुछ लोग एक घर में पहुंचे थे। ठगों के पास रखी मशीन में जेवर गलाने के दौरान कोई धमाका हुआ और ये लोग घर से भाग गए थे। मामले में पुलिस भागे लोगों को पकड़ने में जुटी है। कोई संदिग्ध मामला नहीं है।
- दलीप सिंह कुंवर, एसएसपी।