रुद्रपुर में तैयार किया गया क्षेत्रीय वैक्सीन स्टोर।
- फोटो : RUDRAPUR
ऊधमसिंह नगर जिले को नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए पहले चरण में 11 हजार 650 कोविशील्ड वैक्सीन मिलेगी। रुद्रपुर में 15 जनवरी की शाम तक वैक्सीन पहुंच जाएंगी। यहां से इन्हें वैक्सीन वैन के माध्यम से नैनीताल और चंपावत रवाना किया जाएगा।
16 जनवरी से कोरोना टीकाकरण का देशव्यापी अभियान शुरू होने जा रहा है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए सभी तैयारी कर ली हैं। बृहस्पतिवार को रुद्रपुर में बनाए क्षेत्रीय वैक्सीन स्टोर से वैक्सीन वैन देहरादून भेजी गई। क्षेत्रीय वैक्सीन स्टोर में इन वैक्सीनों को दो से आठ डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखा जाएगा।
इधर, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि पहले चरण में तीन जिलों के लिए 11 हजार 650 कोविशील्ड वैक्सीन मिलेंगी। इनमें ऊधमसिंह नगर के लिए 4,340, नैनीताल के लिए 6,005 और चंपावत के लिए 1,305 वैक्सीन मिलेंगी। बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ की वैक्सीन अल्मोड़ा में बनाए गए क्षेत्रीय वैक्सीन स्टोर में पहुंचेंगी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी।