काशीपुर। मानसिक रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति नहीं होने से मरीजों को जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ रही है। जानकारी होने के बाद भी शासन और स्वास्थ्य विभाग कोई ठोस कदम उठाता नजर नहीं आ रहा है।
एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में जसपुर, काशीपुर, रामनगर, बाजपुर, कौशल्यापुरी, अलीगंज, रेहड़, ठाकुरद्वारा, बिजनौर यूपी आदि से मरीज पहुंचते हैं। इनमें मानसिक रोगी भी शामिल होते हैं। करीब एक दशक पूर्व मानसिक रोग विशेषज्ञ के पद पर डॉ. विजेंद्र सिंह तैनात हुए थे। उन्होंने चार सालों तक सेवाएं दी। इसके बाद अस्पताल छोड़ दिया। उनके जाने के बाद से पद खाली है। उनसे पहले भी यह पद रिक्त ही था। मानसिक रोगियों को इलाज नहीं मिला पाता है। उन्हें जिला अस्पताल या हल्द्वानी की दौड़ लगानी पड़ती है। इससे मरीज के साथ उसके परिजनों को दिक्कत होती है। सबसे अधिक परेशानी जरूरतमंद अभिभावकों को होती है। केवल जिला अस्पताल रुद्रपुर में ही मानसिक चिकित्सक तैनात हैं।
ऊधमसिंह नगर में केवल जिला अस्पताल रुद्रपुर में ही मानसिक रोग विशेषज्ञ तैनात हैं। काशीपुर सरकारी अस्पताल में भी मनोरोग विशेषज्ञ की तैनाती के लिए प्रयास किया जा रहा है।
-डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर