रुद्रपुर। स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ की कमी जल्द दूर होने वाली है। चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला (एएनएम) के 335 पदों पर चयन परिणाम घोषित कर दिया है। महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के निर्देश पर सभी चयनित अभ्यर्थियों को जिलों में तैनाती दी जा रही है। ऊधमसिंह नगर जिले को इसमें 23 पद मिले हैं।
विज्ञापन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी ने बताया कि जिले को आवंटित 23 एएनएम के नियुक्ति पत्र तैयार किए जा रहे हैं। जल्द सभी को तैनाती दी जाएगी। उन्होंने बताया कि नई एएनएम के आने से ग्रामीण क्षेत्रों के उपकेंद्रों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और परिवार कल्याण कार्यक्रमों में तेजी आएगी। लंबे समय से रिक्त पदों के कारण आशा और अन्य स्टाफ पर अतिरिक्त भार था, जो अब कम होगा।